रायपुर: छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में प्रथम चरण के लिए मतदान चल रहा है। पंचायत चुनाव में वोटिंग बैलेट पेपर से हो रही है। मतदान संपन्न होने के एक घंटे बाद मतगणना होगी। नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सुबह 6.45 बजे से दोपहर 2 बजे तक और अन्य इलाकों में सुबह 7 बजे से 3 बजे तक वोटिंग होगी। इसके लिए 12 हजार से अधिक बूथ बनाए गए हैं।
प्रथम चरण में प्रदेश के 57 विकास खंडों के 4,847 ग्राम पंचायतों के 61 लाख 74 हजार 224 वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें 30 लाख 85 हजार 320 पुरूष मतदाता, 30 लाख 88 हजार 835 महिला मतदाता और ट्रांसजेंडर वर्ग के 69 मतदाता शामिल हैं। छत्तीसगढ़ में पंचायत चुनाव तीन चरणों में आयोजित किए गए हैं। इसके लिए मतदान 28 जनवरी, 31 जनवरी और 3 फरवरी को होगा।