बोकारो (झारखंड): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज दावा किया कि स्थिर और स्थाई सरकार देने के लिए लोग अब केवल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर ही भरोसा करते हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री मोदी ने यहां सेक्टर पांच के लाइब्रेरी मैदान में पार्टी उम्मीदवार के पक्ष में आयोजित चुनावी सभा में अपने संबोधन में कहा कि कनार्टक उप चुनाव के परिणाम ने स्पष्ट कर दिया है कि लोग स्थिर और स्थाई सरकार चाहते हैं। उन्होंने दावा किया कि स्थिर और स्थाई सरकार देने के लिए लोग अब केवल भाजपा पर ही भरोसा करते हैं।
उन्होंने कहा कि इस सभा में उमड़ा जनसैलाब हवा के रुख का संकेत कर रहा है। मोदी ने झारखंड विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण एवं दूसरे चरण के मतदान ने भाजपा की जीत की नींव रख दी है। उन्होंने कहा कि विधानसभा का यह चुनाव झारखंड के अगले पांच साल का भविष्य तय करेगा। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसने झारखंड के साथ छल किया है। उसकी वजह से ही राज्य में हमेशा राजनीतिक अस्थिरता रही है।